छत्तीसगढ़मध्य प्रदेश
Trending

कांग्रेस ने ईडी की कार्रवाई को बताया भाजपा की प्रताड़ना

 रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू को ईडी कार्यालय में जबरन घंटों बैठाए रखना बेहद आपत्तिजनक है। ईडी ने कांग्रेस से जिला कार्यालय निर्माण की जानकारी मांगी थी, जिसे देने के लिए प्रभारी महामंत्री गए थे। जानकारी देने के बावजूद उन्हें रोका गया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को भाजपा के इशारे पर की गई प्रताड़ना बताया है। कांग्रेस ने घोषणा की है कि 1 मार्च को प्रदेश के सभी जिलों में ईडी का पुतला दहन किया जाएगा और 3 मार्च को ईडी कार्यालय के सामने बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
दीपक बैज ने कहा कि यदि ईडी को राजनीतिक दलों के कार्यालयों के खर्चों की जांच करनी है, तो केवल कांग्रेस पर ध्यान केंद्रित क्यों किया जा रहा है? उन्होंने मांग की कि ईडी भाजपा के 150 करोड़ रुपये की लागत से बने कुशाभाऊ ठाकरे परिसर और एकात्म परिसर के वित्तीय स्रोतों की भी जांच करे। उन्होंने आरएसएस के दिल्ली स्थित 500 करोड़ रुपये के दफ्तर की भी जांच की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उनके निवास की पुलिस द्वारा जासूसी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा से एक वाहन उनके घर के आसपास 24 घंटे घूमता रहा। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वाहन रोका और पूछताछ की तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार पुलिस प्रशासन को अपने एजेंट की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद और जिला पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित सदस्यों को धमकाने और भाजपा के उम्मीदवारों को जबरन विजयी बनाने के लिए प्रशासन का दुरुपयोग किया जा रहा है।
दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में निष्पक्ष चुनाव कराए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार प्रशासन और पुलिस के बल पर चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष करने का ऐलान किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button